Wednesday, June 5, 2013

सितारे जो 40 से पहले ही टूट गए

जिया ऐसी पहली अभिनेत्री नहीं हैं जो इतनी कम उम्र में ही चल बसीं।
मधुबाला : हृदय रोग के कारण मधुबाला की मृत्यु सिर्फ 36 साल की उम्र में ही हो गई। मधुबाला के दिल में एक छोटा सा छेद था जो उस वक़्त लाइलाज था। मधुबाला के अंतिम वर्ष बेहद दुखद रहे। उनका खूबसूरत चेहरा धीरे धीरे बिगड़ने लगा था। वह आईना देखकर डरने लगी। वे अपने मेकअप मैन को घर बुलाने लगी। वह दिन भर मेकअप करके बैठी रहतीं। उनके पास आने वाले उनकी खूबसूरती की तारीफ करते रहते ताकि उन्हें डिप्रेशन न हो।


मीना कुमारी : मीना कुमारी की जब मृत्यु हुई उस वक़्त उनकी उम्र 39 वर्ष थी। 31 मार्च 1972 को उनकी मृत्यु लीवर सिरोसिस नाम की बीमारी की वजह से हुई। अपने आखिरी के सालों में वो बहुत शराब पीने लगीं थीं। मीना कुमारी के नजदीकी लोग उन्हें देसी शराब विदेशी शराब की बोतल में भर कर दे देते थे। नशे में डूबी मीना को कुछ मालूम भी नहीं पड़ता था।


स्मिता पाटिल : स्मिता पाटिल की मृत्यु बेटे प्रतीक के जन्म के तुरंत बाद प्रसव के दौरान हुई कुछ जटिलताओं की वजह से हुई। वो मात्र 31 वर्ष की थीं। स्मिता पाटिल अद्भुत अभिनय क्षमता की मालकिन थीं। फिल्म वारिस उनके करियर की बेहतरीन फिल्मों में से एक थी। अर्थ, भूमिका, मंडी और निशांत जैसी कई यादगार फिल्में उन्होंने कीं। स्मिता पाटिल राज बब्बर की पत्नी थीं।

सिल्क स्मिता : साउथ सेंसेशन सिल्क स्मिता 23 सितंबर 1996 को चेन्नई में अपने घर में मृत पाई गईं। वो 35 वर्ष की थीं। ऐसा कहा जाता है कि सिल्क अपने जीवन से इतना निराश हो गईं थीं कि उन्होंने आत्महत्या कर ली। सिल्क को उनकी लोकप्रियता ले डूबी। उनकी छवि एक 'सेक्स सायरन' की बन चुकी थी। पत्रिकाओं में उनके बारे में भद्दी बातें लिखी जा रहीं थी। राह चलते लोग उन्हें गंदे इशारे किया करते थे। ये सब उनसे बर्दाश्त नहीं हुआ।


दिव्या भारती : दिव्या भारती सिर्फ 19 साल की थीं जब मुंबई में उनकी मृत्यु पांच मंजिला इमारत से गिरने की वजह से हुई। उनकी मृत्यु के इर्द-गिर्द कई सवाल उठाए गए। किसी ने कहा कि ए एक एक्सीडेंट था, किसी ने इसे आत्महत्या कहा तो किसी ने कहा कि दिव्या साजिश का शिकार हुई। हालांकि पुलिस को इस बारे में कोई ठोस सबूत नहीं मिल पाया। मशहूर फिल्म स्तंभकार जयप्रकाश चौकसे कहते हैं, मैं समझता हूं कि दिव्या भारती अपनी सफलता के कारण मरी। बहुत छोटी उम्र में बहुत बड़ी कामयाबी उन्हें मिल गई थी। इसे वे संभाल नहीं पार्इं। इसलिए शायद वो ड्रग्स भी लेने लगीं और शराब भी, जो उनकी मौत का कारण बना।

जिया खान : जिया ने निशब्द, गजिनी और हाउसफुल जैसी फिल्मों में काम किया। उन्होंने विदेश में अपनी पढ़ाई की जहां का वातावरण बहुत खुला होता है। वहां से वो बॉलीवुड में आई और यहां आते ही उन्होंने तीन बड़ी फिल्मों में काम किया। तीनों ही फिल्में सफल रही। ट्विटर पर उनके डेढ़ लाख फालोअर थे। उनके फैन्स भी बने और ब्वायफ्रेंड भी। पता नहीं किसने उनका दिल तोड़ा कि उन्हें यूं इतनी कम उम्र में अपनी जान गंवानी पड़ी।

No comments:

Post a Comment