Tuesday, June 4, 2013

रेल कर्मी बनने चाचा के घर चोरी

देवभोग। धवलपुर निवासी डिगेश्वरी और उसके उड़ीसा निवासी प्रेमी महेन्द्र कुमार को पुलिस ने चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। डिगेश्वरी पर अपने चाचा के घर से 10 तोला सोना, चार किलो चांदी के जेवर सहित लगभग 35 हजार रुपए की चोरी करने का आरोप है। इसमें उसके प्रेमी ने भी पूरा सहयोग किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का माल जब्त कर लिया है। यह चोरी 2 जून को हुई थी और पुलिस ने 24 घंटे में इसे हल कर दिखाया। आरोपियों के अनुसार उन्होंने नौकरी के लिए रिश्वत देने की खातिर यह चोरी की थी।
पुलिस के अनुसार घुमरगुड़ा निवासी हेम सिंह ठाकुर के घर का दरवाजा तोड़कर चोरों आलमारी में रखे 10 तोला सोना व चार किलों चांदी के जेवरात समेत 35 हजार नगद की चोरी कर ली गई थी। मंगलवार को देवभोग पुलिस ने प्रार्थी के घर मेहमान बनकर आई उसके चचेरी बहन डिगेश्वरी निवासी धवलपुर व उसके उड़ीसा निवासी प्रेमी महेन्द्र कुमार उर्फ मोंटु को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महेन्द्र कुमार से चोरी के सारे जेवरात, दो मोबाइल एक एटीएम कार्ड भी जब्त किया है। दोनों आरोपी का आज मेडिकल चेकअप कराया गया है। कल सुबह न्यायलय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
आरोपी महेन्द्र कुमार ने बताया कि भवानी पटना रेलवे स्टेशन पर उसकी नौकरी चतुर्थ श्रेणी में पक्की हो गई थी। स्टेशन मास्टर ने उसे सप्ताह भर के भीतर   ढाई लाख रुपए जुटाने कहा था। डिगेश्वरी को आरोपी ने इस बात को बताया था। प्रार्थी हेम सिंह के घर इन दोनों का आना जाना लगा था। डिगेश्वरी सप्ताह भर पहले से ही प्रार्थी के घर रह रही थी। उसे प्रार्थी के घर की सारी जानकारी थी।

No comments:

Post a Comment